Wednesday, October 28, 2009

अपनी हत्या से तीन दिन पहले इंदिराजी कश्मीर आईं थीं : सोनिया गांधी

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में अनंतनाग-काजीगुंड रेलवे लाईन के उद्धाटन अवसर पर एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इस साल 31 अक्टूबर को हमलोग इंदिराजी की 25वां शहीदी दिवस मना रहे हैं। उन्होने कहा कि कितने संयोग की बात है कि ठीक इसी दिन आज से 25 साल पहले अपनी हत्या से ठीक तीन दिन पहले इंदिराजी ने कश्मीर का दौरा किया था और आज हम यहां उसी दिन मिल रहे हैं। ‘ शायद वो जानती थी कि ये उनका अंतिम दौरा है और हमसे और इस दुनिया से जुदा होने से पहले वे आखिरी बार आतिश-ए-चिनार देखने और इस खूबसूरत धरती को सलाम करने के लिए यहां आईं थीं। उनके मन में कश्मीर के लोगों के लिए बहुत लगाव था और उनकी उस यात्रा को हम यहां के लोगों के लिए दिली लगाव समझते हैं’।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कश्मीर के लोगों को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि हाल के लोकसभा चुनाव और उससे पहले के विधानसभा चुनाव में लोग बड़ी तादाद में सामने आए और दुनिया को दिखा दिया कि उनके मन में लोकतंत्र और अमन की कितनी चाह है। लोगों ने ये साबित कर दिया कि वे विकास चाहते हैं।

उन्होने कहा कि आज अनंतनाग और काजीगुंड के बीच रेल सेवा की शुरुआत हो रही है जो तरक्की की राह पर रियासत के बढ़ते कदमों की मिसाल है। उन्होने कहा कि विकास का काम अमनचैन के माहौल में ही संभव हो सकता है और दुनिया का कोई ऐसा मसला नहीं जो जम्हूरियत के उसूलों और बातचीत के जरिए न सुलझाया जा सके।

उन्होने कहा कि सेक्यूलर भारत की तस्वीर में कश्मीर का एक खास मुकाम है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए की सरकार कश्मीर के विकास के लिए हर मुमकिन उपाय कर रही है। उन्होने कहा कि कश्मीर को हाल के सालों में जितनी आर्थिक मदद दी गई है उतनी पहले कभी नहीं दी गई, सरकार चाहती है कि कश्मीर के आवाम तक सारे फायदे पहुंचे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने उमर अब्दुल्ला के नेतृत्ववाली जम्मू-कश्मीर सरकार की तारीफ की और कहा कि यहां की सरकार केंद्र के साथ कदम में कदम मिलकर प्रदेश के विकास का काम कर रही है। यहां कई तरह के शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थाएं स्थापित की गई है और राज्य में कई बिजली घर बनाए जा रहे हैं जिससे आनेवाले सालों में यहां बिजली उत्पादन में खासी बढ़ोत्तरी होगी। श्रीमती गांधी ने कहा कि राज्य में कई औद्यौगिक इकाईयां भी लगाई जा रही है जिससे बेरोजगारी की समस्या का निराकरण हो सकेगा।

उन्होने कहा कि सूबे के इतिहास में पहली बार अनंतनाग रेलसेवा से जुड़ रहा है और जम्मू को भी उधमपुर से जोड़ा गया है। उन्होने उम्मीद जाहिर की कि आनेवाले वक्त में कश्मीर घाटी देश के अन्य हिस्सों से जुड़ पाएगी।

श्रीमती गांधी ने कहा कि ये राज्य और केंद्र सरकार का दायित्व है कि वो सूबे में ज्यादा से ज्यादा काम करे ताकि लोगों के जीवनस्तर में बेहतरी आए। उन्होने कहा कि यहां पर्यटन का काम फिर से पहले की तरह ज्यादा से ज्यादा जोर पकड़े जिसके लिए आवागमन की सुविधा बहुत जरुरी है। आज कश्मीर का जुड़ाव रेलवे के माध्यम से देश के अन्य हिस्सों से हो रहा है जिससे दूसरे हिस्सों से भी लोग यहां आ पाएंगे और आपसी भाईचारा, मुहब्बत और अपनापन बढ़ाने में मददगार साबित होगें। उन्होने कहा कि इससे हमारे लोकतंत्र को भी मजबूती मिलेगी और इसलिए आज का दिन सिर्फ कश्मीर के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक अहम दिन है।

अपने भाषण के अंत में उन्होने कश्मीर घाटी में रेललाईन बिछाने का काम सुचारुपूर्वक करने के लिए रेल मंत्री ममता बनर्जी, उनके मंत्रालय, कर्मचारी, इंजिनियर और मजदूरों को धन्यवाद दिया जिनकी मेहनत और लगन से ये काम पूरा हुआ।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment