Wednesday, October 14, 2009

पाकिस्तान को हम जरुरत से ज्यादा महत्व दे रहे हैं: राहुल गांधी

13 अक्टूबर 2009, शिमला(हिमाचल प्रदेश): कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने शिमला में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान की तुलना भारत से नहीं की जा सकती, भारत एक बड़ा और ताकतवर देश है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पाकिस्तान को हम जरुरत से ज्यादा महत्व दे रहे हैं, वो हमारे आधे महत्व के भी काबिल नहीं है। उन्होने कहा, “ भौगोलिक रुप से पाकिस्तान जमीन का एक टुकड़ा भर है जिसका हमारे देश से कोई तुलना नहीं है”। वे यहां पर एनएसयूआई की एक बैठक में भाग लेने हिमाचल युनिवर्सिटी आए हुए थे।

पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उन्होने कहा कि हमारे पड़ोसी देश की स्थिति का हमारे ऊपर जरुर कुछ न कुछ असर पड़ता है लेकिन हम उस पर अपना बहुत ज्यादा वक्त जाया कर देते हैं। उन्होने कहा कि पाकिस्तान के बारे में दुनिया के नजरिये में बहुत बदलाव आया है, पाकिस्तान की काफी नकारात्मक छवि बन गई है। ऐसा भारत के दुनिया के कई मंचों पर सतत प्रचार और दबावों के फलस्वरुप हुआ है। आज पूरी दुनिया पाकिस्तान पर दबाव डाल रही है। पाकिस्तान के बारे में कई बाते अहम हैं और हमारी सरकार उस पर पूरा ध्यान दे रही है।

विपक्षी पार्टियों खासकर बीजेपी की आलोचना करते हुए उन्होने कहा हमारा विपक्ष पाकिस्तान के जन्मदाता जिन्ना के बारे में बात करता है जो अब इतिहास की बात है। जबकि मेरे लिए जिन्मा पर पांच सेकेंड तो क्या एक सेकेंड भी बात करना मुश्किल है। उन्होने कहा कि पूरे देश ने बीजेपी के इंडिया शाइंनिंग को धता बता दिया है। देश के कुछ शहरी इलाकों में हिंदुस्तान चमक रहा हो सकता है लेकिन हमारी पार्टी देश में गरीबों और उपेक्षितों को मुख्यधारा में लाने के हिमायती हैं।

उनके गांवों की यात्रा की आलोचना किए जाने पर उन्होने कहा कि मैं ये जानना चाहता हूं कि गांव के लोग कैसे जीवन यापन करते हैं। उनका मानाना था कि ऐसा वे इसलिए चाहते हैं कि भविष्य में इसके निराकरण के लिए योजनांए बनाई जा सके। उन्होने कहा कि देश के किसी भी पार्टी ने चाहे वो बीजेपी हो या कांग्रेस, युवाओं के लिए ज्यादा मौके मुहैया नहीं कराए हैं।

उन्होने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई में आंतरिक लोकतंत्र लाने के प्रयास जारी हैं और आनेवाले दिनों में इसका असर दिखेगा। उन्होने दावा किया कि नामांकन के द्वारा पार्टी के पदों पर काबिज होने की बात इतिहास हो जाएगी और सारा काम चुनाव के द्वारा होगा। पंजाब में यूथ कांग्रेस के चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि पंजाब में यूथ कांग्रेस के सारे पदाधिकारी चुनाव द्वारा आए हैं और वे सभी जमीन से जुड़े हुए हैं। उन्होने कहा कि ब्लाक और गांव स्तर पर हमारे सारे पार्टी कार्यकर्ता जमीन से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी के युवा संगठनों में उम्र की सीमा तय कर दी गई है और अब कोई भी व्यक्ति जो 35 साल से ऊपर का है इन संगठनों में पद हासिल नहीं कर पाएगा। उन्होने कहा कि यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के दरबाजे युवाओं के लिए खुले हुए हैं, हमारा भविष्य के प्रति साफ दृष्टिकोण है। उन्होने आगे कहा कि तमिलनाडू में लगभग 6000 हजार युवाओं ने हमारे संगठनों को ज्वाईन किया है, और वे हमारे भविष्य के नेता हैं।

देश में बढ़ती आर्थिक विषमता की बात करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पिछले सालों में दो हिंन्दुस्तान बन गए हैं, एक गरीबों का हिंदुस्तान और एक अमीरों का। “ हमें एक भारत बनाना है। सरकार एकीकृत पहचान पत्र बनाने जा रही है जिससे गरीबों के लिए योजनाएं लागू करने और उसकी कमियों की पहचान करने में आसानी होगी”।

No comments:

Post a Comment