Friday, October 9, 2009

विपक्ष को गरीबों की बात करते हुए शर्म आती है : राहुल गांधी

9 अक्टूबर 2009, हिंगोली(महाराष्ट्र): कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के हिंगोली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में दो हिंदुस्तान बन गया है, एक गरीबों का और एक अमीरों का। हमें एक हिंदुस्तान बनाना है। “एक हिंदुस्तान शहर में रहनेवालों का हिंदुस्तान और एक हिन्दुस्तान गांव में रहनेवाले गरीबों का, किसानों का और दलित-आदिवासियों का हिंदुस्तान। ये फर्क है इन दो विचारधाराओं में। जब मैं गांव जाता हूं, गरीब के घर जाता हूं, आपके घर में खाना खाता हूं, इनको शर्म आती है। ये कहते हैं कि राहुल गांधी गरीबों के घर क्यों जा रहा है, गरीबों का खाना क्यों खा रहा है। शर्म आती है इनको। इग्लैंड से एक मिनिस्टर आय़ा, दिल्ली में मुझसे मिलने आया। उसने मुझसे पूछा कि मुझे हिन्दुस्तान के बारे में समझाओ। हिन्दुस्तान इतनी तेजी से तरक्की क्यों कर रहा है। मैंने कहा कि देखिए कि अगर आपको ये समझना है तो दिल्ली से बाहर आना होगा। आपको गांव तक जाना होगा और आपको किसान से बात करनी पड़ेगी। आपको दलित से बात करनी पड़ेगी वो आपको बताएगा कि हिन्दुस्तान क्यों इतनी तेजी से तरक्की कर रहा है। अगर हिन्दुस्तान आगे बढ़ रहा है तो उनके पसीने से आगे बढ़ रहा है। फिर मैं उसे उत्तरप्रदेश ले गया और गरीब लोगों से उसकी बात कराई। महिलाओं से बात कराई, किसानों से बात कराई। रात तक बात की, खाना खाया वहां। गाड़ी में वापस आते हुए उसने मुझसे कहा कि मैं दिल्ली आता था, बड़े-2 शहरों में जाता था- मुझे हिन्दुस्तान के बारे में कुछ भी नहीं मालूम था। मुझे आप गांव में ले गए, जो शक्ति मैने गांव में देखी, जो शक्ति मैने हिन्दुस्तान की गरीब महिलाओं में देखी-वो मैने कही नहीं देखी आजतक। और आज मेरी समझ में आया है कि हिन्दुस्तान इतनी तेजी से आगे क्यों बढ़ रहा है। अगले दिन मैने अखबार देखे और बीजेपी के सबसे बड़े नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी अंग्रेज मिनिस्टर को गांव लेकर क्यों गया। वहां वो गरीब लोगों को क्यों मिलवा रहा है इनसे। ये गरीबी से शर्माते हैं और ये गरीबी को देखना नहीं चाहते। और मैं गरीब की शक्ति को हिंदुस्तान की शक्ति मानता हूं। मैं कहता हूं कि अगर ये देश आगे बढ़ेगा तो आपके पसीने से ही बढ़ेगा और अगर आपका पसीना लग रहा है तो इस देश की प्रगति का फायदा आप तक पहुंचना चाहिए”।


पिछले पांच साल में यूपीए सरकार द्वारा किए गए कामकाज की चर्चा करते हुए उन्होने कहा, “तो पिछले पांच सालों में हमने क्या किया? दुनिया में सबसे बड़ा रोजगार का प्रोग्राम-नरेगा- ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना- हमने कहा कि हरेक व्यक्ति को रोजगार का हक है। और हम गांरटी देंगें सौ दिन का रोजगार, यूपीए की सरकार आपको देगी- और हमने करके दिखाया। जब हम ये कर रहे थे तो पार्लियामेंट में विपक्षी दलों ने क्या कहा-कहा कि कांग्रेस पार्टी, यूपीए की सरकार पैसा जाया कर रही है। उसके बाद 60,000 करोड़ रुपये की कर्जा माफी की हमने। मैने महाराष्ट्र के लोगों के बारे में पार्लियामेंट में बात की। विदर्भ के बारे में पार्लियामेंट में बात की। विदर्भ के खेत थोड़े बड़े हैं, तो विदर्भ के लिए इसे थोड़े दूसरे तरीके से करना है, महाराष्ट्र के लिए इसे दूसरे तरीके से करना है। हजारों किसानों को हमने फायदा पहुंचाया। संसद में जब बात हुई तो बीजेपी के लोगों ने क्या कहा, शिवसेना के लोगों ने क्या कहा कि ये पैसा कहां से आयेगा। अच्छा गरीबों को पैसा देना है तो पैसा कहां से आयेगा। बड़े-बड़े लोगों को पैसा देना होता है तो पैसा तैयार होता है”।

उन्होने कहा, “हम आपसे ये कहने आए हैं कि अगर हिन्दुस्तान में प्रगति होगी, जो पैसा बढ़ेगा वो आपके बच्चों की शिक्षा में जाएगा, वो आपकी स्वास्थ्य में जाएगा और आपके रोजगार में जाएगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि विपक्षी नेता क्या कहते हैं, ऐसा हम करके दिखाएंगे, पिछले पांच साल में हमने किया है, अगले पांच सालों में करेंगे उसके बाद पांच सालों में करेंगे और उसके बाद भी करते जाएंगे तबतक इस देश में एक गरीब नहीं बचेगा। यहां पर युवा बतलाते हैं कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता क्या काम करते हैं, मैं इसको जानता हूं, दिल्ली मे आपकी सरकार है, आम आदमी की सरकार है, महाराष्ट्र में आप आम आदमी की सरकार एक बार फिर लाईये। इस युवा के हाथ मजबूत कीजिए, इसे जिताइये , ये आपके लिए दिल से काम करेगा और खासतौर से गरीब जनता के लिए काम करेगा”।

No comments:

Post a Comment