Friday, October 9, 2009

हमें एक गरीबों और अमीरों के बीच की खाई पाटनी हैः राहुल गांधी

8 अक्टूबर 2009, पनवेल(रायगढ़, महाराष्ट्र): कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के रायगढ जिले में पनवेल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोगों से अपील की कि वे कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को अपना वहुमूल्य वोट दें। उन्होने कहा कि ये चुनाव दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। एक विचारधारा कांग्रेस की है जो आमआदमी, पिछड़ों और गरीबों की बात करती है जबकि दूसरी विचारधारा इंडिया शाईंनिंग और कुछ चुने हुए लोगों की बात करती है। उन्होने कहा कि यूपीए सरकार के शासनकाल में देश तेजी से तरक्की कर रहा है। हमने साल 2004 में आपसे वादा किया था कि हमारी सरकार आम आदमी की सरकार होगी और हमने वो वादा पूरा कर दिखाया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमारी सरकार ने दुनिया का सबसे बड़ा रोजगार कार्यक्रम नरेगा लागू किया और गांव के गरीबों को साल भर गारंटी करके 100 दिनों का रोजगार दिया। “मैं जब भी कहीं जाता हूं और लोगों से पूछता हूं कि किस योजना से उन्हे सबसे ज्यादा फायदा होता है तो वे नरेगा का नाम लेते हैं। लेकिन संसद में नरेगा पर हो रही बहस के दौरान हमारी विपक्षी पार्टियों ने कहा कि ये पैसे की बर्बादी है। अगर अमीर लोगों के लिए पैसा खर्च किया जाए तो वो पैसे की बर्बादी नहीं है लेकिन गरीब लोगों पर खर्च किया जानेवाला पैसा, पैसे की बर्बादी है”।
कांग्रेस महासचिव ने कहा आजादी के बाद के सालों में देश में बहुत तरक्की हुई है। “पहले हमारे देश में बहुत सारे लोग अमीर नहीं थे , लेकिन पिछले पिछले 60 सालों में देश में दो हिन्दुस्तान बन गए हैं। हमें एक हिंन्दुस्तान बनाना है। एक हिंदुस्तान तरक्की कर गया है जबकि दूसरा गरीबी में जीवन बिता रहा है। हमें इस खाई को पाटना है”।
उन्होने कहा कि देश तो तरक्की कर रहा है लेकिन हमें इस तरक्की से प्राप्त हुए पैसे को गरीबों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य के मद में खर्च करना है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आमलोग ही देश की असली ताकत हैं। “हरेक आदमी इस देश की ताकत है। हमें उस ताकत को आगे बढ़ाना है। हमें ये सुनिश्चित करना है कि गांववालों को गांव में ही रोजगार मिल जाए जैसा शहर वालों को मिल जाता हैं। शहरों में रोजगार की दिक्तत नहीं है। गांवों में भी विकास होना चाहिए। गांव भी शहरों की तरह ही प्रगति करे”।

यूपीए सरकार के उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि हमारी सरकार ने नरेगा, कर्जामाफी और आरटीआई का बिल पारित करवाया। आगे हम इसतरह के और भी काम करेंगे।

No comments:

Post a Comment