14 अक्टूबर 2009,धनबाद/हजारीबाग(झारखंड):अपने झारखंड दौरे के पहले दिन कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने धनबाद और हजारीबाग का भी दौरा किया। इससे पहले उन्होने साहिबगंज और दुमका में आदिवासी युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। धनबाद में कांग्रेस महासचिव ने धनबाद के आसपास के चार संसदीय क्षेत्रों से आए यूथ कांग्रेस के डेलीगेट्स से बातचीत की। धनबाद के आईएसएम(इंडियन इन्सिट्यूट आफ माईँस) के पेनमेन सभागार में चली इस बैठक में गिरीडीह, कोडरमा, धनबाद और हजारीबाग के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक स्थल के बाहर आईएसएम के छात्र, कांग्रेस महासचिव को ज्ञापन सौंपने के लिए उनका इंतजार कर रहे थे। छात्रों ने उनसे मांग की कि आईएसएम को आईआईटी का दर्जा दिलाया जाए, इसमें वे मदद करें। कांग्रेस महासचिव ने छात्रों की मांग को मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सामने रखने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि आईएसएम धनबाद में पिछले कई सालों से इसे आईआईटी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आन्दोलन चल रहा है।
इसके बाद कांग्रेस महासचिव ने हजारीबाग में युवा महिला कांग्रेस की एक बैठक को संबोधित किया जिसमें तकरीबन 600 युवा महिलाएं उपस्थित थीं। नगर भवन में होनेवाली इस बैठक में कांग्रेस महासचिव ने महिलाओं के साथ महिला आरक्षण पर बात की और उन्हे राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होने कहा कि इसके लिए यूथ कांग्रेस सबसे बढ़िया मंच है। हजारीबाग की बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव रांची के लिए रवाना हो गए।
इससे पहले दिन में कांग्रेस महासचिव ने साहिबगंज और दुमका में आदिवासी युवाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कल सुबह वे रांची में प्रेसवालों से मुखातिब होंगे।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी अपने दो दिनों के दौरे पर माओवाद से प्रभावित झारखंड के दौरे पर हैं। उनका ये दौरा उनके राष्ट्रव्यापी दौरों का एक हिस्सा है जो पार्टी के युवा संगठनों को मजबूत बनाने के इरादे से किया जा रहा है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)





No comments:
Post a Comment